इंदौरा में 10 ग्राम चिट्टे सहित दो गिरफ्तार
धर्मशाला, 07 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना इंदौरा की टीम ने नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि बीती देर रात को पुलिस टीम द्वारा स्थान चंगराड़ा के पास नाकाबंदी और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक सफेद आल्टो कार (एचपी 38जी-3964) को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की पहचान कमलदीप (चालक) उम्र 39 वर्ष, निवासी गांव व डाकघर लहरुं, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा तथा जितेन्द्र सिंह उम्र 32 वर्ष, निवासी गांव उपरला मोच, डाकघर सुनेट, तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी छानबीन जारी है ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नूरपुर आम जनता से अपील करता है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को हेल्पलाइन 112 पर दें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

