धर्मशाला और पालमपुर में चिट्टा, चरस व नकदी बरामद, दो नशा तस्कर गिरफ्तार
धर्मशाला, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत धर्मशाला और पालमपुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत दो मामलों में चिट्टा, चरस व नकदी सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में पुलिस थाना धर्मशाला की टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान फतेहपुर-सुक्कड़ रोड स्थित त्रिनेत्र देव मंदिर के पास एक व्यक्ति राज कुमार उर्फ गोपी पुत्र बीना राम निवासी गांव चमूंडा देवी, तहसील अमृतसर, जिला अमृतसर (पंजाब) उम्र 42 साल संदिग्ध अवस्था में पाया गया जो पुलिस को देखकर भागने लगा तथा उसने एक नीले रंग का कैरी बैग झाड़ियों में फेंक दिया। उक्त आरोपी को मौका पर काबू किया गया तथा पुलिस टीम द्वारा उक्त बैग को कब्जे में लेकर जांच की गई, जिसमें से 6.04 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिस पर उपरोक्त आरोपी को मौका पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा इस संबंध में उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना पालमपुर की टीम ने गश्त के दौरान समीर चन्द उर्फ रजू, पुत्र स्व. ज्ञान चन्द निवासी वार्ड नम्बर 9, चौकी खलेट, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा उम्र 40 साल को चिट्टा, चरस और नकदी के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने उसके रिहायशी मकान में दबिश दी तो तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 5.84 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 5.69 ग्राम चरस और 95 हजार नकद बरामद किए गए।
जिस पर उपरोक्त आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जांच में पाया गया है कि आरोपी समीर चन्द उर्फ रजू एक कुख्यात नशा तस्कर है जिसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत पहले भी दो अभियोग दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा पुलिस नशे का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है तथा आए दिन नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

