डमटाल के छन्नी में घर से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद, महिला तस्कर गिरफतार
धर्मशाला, 07 मार्च (हि.स.)। नूरपुर पुलिस की सीआईए टीम ने डमटाल क्षेत्र के अंतर्गत गांव छन्नी में एक घर पर दबिश देकर 12.76 ग्राम का चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे नियमित अभियान के तहत अमल में लाई गई है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की गई है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम जब डमटाल क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की निगरानी पर थी, तो गांव छन्नी में एक घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे फूलदान के अंदर से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी महिला बबली (29 वर्ष), पत्नी सुरिंदर उर्फ झांडी, निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया गया। इस संदर्भ में पुलिस थाना डमटाल में आरोपिया के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त मादक पदार्थ की तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

