10.58 ग्राम चिट्टे के मामले में पुलिस ने धर दबोचा दूसरा आरोपी
धर्मशाला, 01 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला पुलिस द्वारा बीते दिनों पकड़े गए चिट्टे के मामले में दूसरे आरोपी को धर्मशाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिकेत पुत्र हरवंश लाल निवासी गांव व डाकघर सराह तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा उम्र 23 साल के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक कुख्यात नशा तस्कर है जिसके खिलाफ पहले भी शाहपुर और धर्मशाला थाने में चिट्टे के ही दो मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर तरनतारन निवासी मुख्य तस्कर ललित कुमार उर्फ टिन्कू पुत्र दर्शन प्रकाश शर्मा निवासी वार्ड नम्बर-1 कॉलोनी गुरूतेगबहादुर नगर गली नम्बर-4 थाना सिटी तरनतारन पंजाब उम्र 34 साल को 10.58 ग्राम चिट्टा सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया था तथा इसके विरुद्ध पुलिस थाना धर्मशाला में मादक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग दर्ज हुआ था।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि उपरोक्त आरोपी से गहन पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण व ट्राँजैक्शन हिस्ट्री से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपी ने बरामदा चिट्टा धर्मशाला में मुख्य तस्कर अनिकेत पुत्र हरवंश लाल को उपलब्ध करवाना था। इसके उपरांत तुरन्त उक्त तस्कर को पकड़ने के लिए विशेष गुप्त टीम का गठन करके लगातार छापामारी व तलाश की गई और आज उसको धर्मशाला में गिरफ्तार कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

