home page

धर्मशाला में किराये के कमरे से 120.23 ग्राम चरस बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 
धर्मशाला में किराये के कमरे से 120.23 ग्राम चरस बरामद, तीन गिरफ्तार


धर्मशाला, 22 अक्टूबर (हि.स.)।

कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने धर्मशाला में एक किराये के कमरे में दबिश देकर 120.23 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने धर्मशाला थाना क्षेत्र में स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन युवकों के कब्जे से 120.23 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान जितेंद्र (23) और शिव कुमार (19), निवासी गांव टाकवास, तहसील पांगी, जिला चंबा तथा अमित कुमार (29), निवासी गांव कैथन, तहसील ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

उधर, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया