home page

ज्वाली में 676 ग्राम चरस बरामद, 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 
ज्वाली में 676 ग्राम चरस बरामद, 2 नशा तस्कर गिरफ्तार


धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर की सी.आई.ए. टीम ने ज्वाली पुलिस थाना के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए 676 ग्राम चरस सहित दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ज्वाली पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। सीआईए नूरपुर की टीम को उस समय यह सफलता हाथ लगी जब वह गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान लब चौक क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि गांव कैहरियां में शिव मंदिर के समीप दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में मौजूद हैं।

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र साक्षी को साथ लेकर शिव मंदिर कैहरियां से कुछ दूरी पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान एक व्यक्ति के पास मौजूद बैग से 676 ग्राम चरस (भांग) बरामद हुई, जिसे विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों में कुमार चंद, निवासी गांव भुलंग, डाकघर सुधार, तहसील पद्धर, जिला मंडी (उम्र 37 वर्ष) तथा राकेश सिंह उर्फ लक्की, निवासी गांव व डाकघर कैहरियां, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा (उम्र 52 वर्ष) शामिल हैं।

उधर बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इस संदर्भ में पुलिस थाना ज्वाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी कार्यवाई अमल में लाई जा रही है तथा इस अवैध नेटवर्क के स्रोतों व संपर्कों की गहन जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया