नूरपुर में चरस की खेप के साथ दो काबू
धर्मशाला, 13 अप्रैल (हि.स.)।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम को सोमवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो व्यक्तियों को 1 किलो 210 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोबिन (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम व डाकघर नैनीखड्ड, तहसील भटियात, जिला चंबा तथा यूसुफ (उम्र 24 वर्ष), निवासी गांव चड़ियारा, डाकघर बाट, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई सीआईए टीम नूरपुर द्वारा सकरी खड्ड शमशान घाट (रेहन) के पास अमल में लाई गई। पुलिस चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो कार (एचपी 47ए 2812) को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 210 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित वाहन को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना रेहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि नशे की इस सप्लाई चेन की मुख्य जड़ तक पंहुचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

