home page

कांगड़ा पुलिस ने एक सप्ताह में पकड़ी करीब सात किलो चरस और 135 ग्राम चिट्टा

 | 
कांगड़ा पुलिस ने एक सप्ताह में पकड़ी करीब सात किलो चरस और 135 ग्राम चिट्टा


धर्मशाला, 03 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक सप्ताह के भीतर चार अलग-अलग मामलों में करीब सात किलो चरस बरामद की है वहीं एक मामले में 130 ग्राम से अधिक चिट्टा भी बरामद किया है। पुलिस जिला कांगड़ा के तहत पुलिस थाना पंचरूखी, लंबागांव, बैजनाथ एवं गगल में दर्ज मामलों में नशा तस्करी में संलिप्त 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई है।

पहले मामले में पुलिस थाना पंचरूखी के तहत 27 अप्रैल को पुलिस की विशेष टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर बनूरी–पंचरुखी लिंक रोड पर एक आल्टो कार में सवार दो आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद की गई थी। इस मामले में कार में सवार दो आरोपियों गोपाल पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी गांव खून्न, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 24 वर्ष तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्व. धनी राम, निवासी गांव डगूट, डाकघर जौऊ, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 37 वर्ष को मौके पर गिरफ्तार किया गया। वहीं बाद में गहन जांच के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मात्र 18 घंटे के भीतर दो मुख्य तस्करों कमलजीत सिंह उर्फ काकू पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम एवं डाकघर घर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा उम्र 39 साल व संगम शर्मा उर्फ गोलू पुत्र कुलदीप शर्मा, निवासी गांव सिम्बल खोला, डाकघर टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा उम्र 26 साल को भी ध्रमण से गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे मामला में पुलिस थाना लंबागांव के तहत 29 अप्रैल को पुलिस की विशेष टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर आलमपुर पुल के पीछे सड़क के दाहिने मोड़ पर आल्टो कार में सवार आरोपी के कब्जे से 1 किलो 117 ग्राम चरस बरामद की गई तथा कार में सवार आरोपी सुरेन्द्र कुमार पुत्र देवी दास निवासी गांव हरतारा, डाकघर नगेहर तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा उम्र 49 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान प्राप्त सुराग के आधार पर मुख्य सप्लायर दलीप सिंह पुत्र भाग सिंह, निवासी गाँव भाऊगी, डाकघर व तहसील बाली चौकी, जिला मण्डी उम्र 53 साल को बाली चौकी से गिरफ्तार कर लिया गया।

तीसरे मामले में पुलिस थाना गगल के तहत 30 अप्रैल 2026 की रात्रि को पुलिस की विशेष टीम द्वारा ट्रैफिक चैकिंग के दौरान बनोई पुल के पास एनएच सड़क पर शाहपुर की ओर से आ रही अमृतसर से बैजनाथ रूट की एचआरटीसी बस में सवार एक नाबालिग बालक के कब्जे से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उक्त नशीला पदार्थ अमृतसर से लाकर पालमपुर में सप्लाई किया जाना था। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया है तथा मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

चौथे मामले में पुलिस थाना बैजनाथ के तहत 2 मई 2026 को पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बुरली कोठी पपरोला के पास मोटरसाईकिल में सवार ऋषि गोस्वामी पुत्र सुभाष चन्द निवासी गांव नागनाल डाकघर पुन्नर तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा उम्र 22 साल व दीपक कुमार पुत्र देश मशीह निवासी गांव पंतेअढ़ डाकघर बेठ झिकली तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा उम्र 24 वर्ष के कब्जे से 1 किलो 792 ग्राम चरस बरामद की गई।

जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके मौका पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस जिला कांगड़ा नशे का कारोबार करने वालों पर नजर गड़ाए हुए है तथा ऐसे लोगों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेज जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया