home page

नूरपुर पुलिस ने अवैध लकड़ी ले जाते सात वाहन पकड़े, तीन मामले दर्ज

 | 
नूरपुर पुलिस ने अवैध लकड़ी ले जाते सात वाहन पकड़े, तीन मामले दर्ज


धर्मशाला, 19 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम द्वारा शुक्रवार को रियाली पुल के समीप नियमित नाकाबंदी एवं गश्त के दौरान अवैध लकड़ी से लदे सात वाहनों को कब्जे में लिया है। पुलिस ने इस दौरान कई संदिग्ध वाहनों को जांच हेतु रोका। इसी दौरान सूचना प्राप्त होने पर पुलिस थाना फतेहपुर तथा पुलिस चौकी रे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कुल छह पिकअप वाहन तथा एक कैंटर विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी एवं ईंधन लकड़ी से लदे पाए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस संबंध में पुलिस थाना फतेहपुर में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 41 एवं 42 भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका पाए जाने पर संबंधित सातों वाहनों तथा लकड़ी को कब्जे में लेकर आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर अवैध वन कटान, वन संपदा की तस्करी तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया