home page

नगरोटा बगवां में किराना की दुकान से 10 पेटी अवैध शराब बरामद, मामला दर्ज

 | 
नगरोटा बगवां में किराना की दुकान से 10 पेटी अवैध शराब बरामद, मामला दर्ज


धर्मशाला, 08 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला की नगरोटा बगवां पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चाहड़ी गांव में एक किराना की दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाहड़ी निवासी अमर नाथ शर्मा अपनी किराना की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा था। सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत दुकान पर छापा मारा तो तलाशी के दौरान दुकान के भीतर छिपाकर रखी गई 10 पेटियां शराब बरामद की गईं। इसमें 9 पेटियां देसी शराब (कुल 108 बोतलें, मार्का वीआरवी संतरा) और एक पेटी अंग्रेजी शराब (12 बोतलें, मार्का ब्लेंडर प्राइड और आफ्टर डार्क) शामिल थी। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आरोपी अमर नाथ शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना नगरोटा बगवां में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कांगड़ा के एसपी अशोक रतन ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया