home page

पालमपुर में किराए के कमरे से 28.65 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीती देर रात पुलिस थाना पालमपुर की टीम ने पंजाब के दो युवकों से चिट्टा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लोहना क्षेत्र स्थित एक किराए के कमरे में दबिश दी गई। दबिश के दौरान कमरे में दो युवक मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस टीम ने बड़ी मुस्तैदी के साथ काबू किया। पुलिस टीम द्वारा इन युवकों से गहनता से पूछताछ करने पर दोनों के कब्जे से 28.65 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ है।

पालमपुर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना पालमपुर में मामला दर्ज कर दिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

आरोपियों की पहचान जोश, निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर (पंजाब), आयु 21 वर्ष तथा राजवीर, निवासी अमृतसर (पंजाब), आयु 18 वर्ष के रूप में हुई है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि अब पुलिस थाना पालमपुर की टीम इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाए थे, इसे आगे किसे सप्लाई करने वाले थे तथा वे कब से यहां पर रह रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया