home page

नूरपुर में एचआरटीसी बस में सवार युवक से 10.16 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार

 | 
नूरपुर में एचआरटीसी बस में सवार युवक से 10.16 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार


धर्मशाला, 22 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने कंडवाल पुलिस बैरियर के पास चेकिंग के दौरान एचआरटीसी बस में सवार युवक को 10.16 ग्राम प्रतिबंधित चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक के खिलाफ नूरपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले मर आगामी कार्रवाई चल रही है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज नर बताया कि सीआईए टीम क्षेत्र में गश्त व यातायात चेकिंग पर तैनात थी। दोपहर लगभग 1:50 बजे पठानकोट की तरफ से आ रही एचआरटीसी बस (नंबर एचपी 31 ए 8869) को चेकिंग के लिए रोका गया। चेकिंग के दौरान बस में बैठा एक युवक पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गया और उतरने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोका और नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक लिफाफा बरामद हुआ। इसे खोलने पर उसमें 10.16 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाई गई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही सील कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा आरोपी के पास से पठानकोट से शाहपुर की बस टिकट तथा एक लावा स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है।

आरोपी की पहचान कर्तव्य पठानिया (19 वर्ष), पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी गांव ठम्बां, डाकघर दुरगेला, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी यह हेरोइन (चिट्टा) कहाँ से लाया था और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया