home page

नूरपुर पुलिस ने किया 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद, युवती सहित पंजाब के तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
नूरपुर पुलिस ने किया 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद, युवती सहित पंजाब के तीन आरोपी गिरफ्तार


धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। सीआईए विंग नूरपुर की टीम ने नियमित गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम द्वारा कंडवाल क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान तीन लोगों को 25.65 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा बीती देर रात चक्की पुल के समीप ज्योति होटल, कंडवाल के पास तीन व्यक्तियों को संदेह के आधार पर जांच हेतु रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 25.65 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरजिन्दर कुमार (42 वर्ष) पुत्र हरबंस लाल, निवासी परजा कटरा, नैनसुख वाली गली, अमृतसर (पंजाब), अजय कुमार आनंद (28 वर्ष) पुत्र कृष्ण लाल, निवासी थथियारा वाला, अमृतसर ग्रामीण (पंजाब) तथा अरविन्दर कौर (21 वर्ष) पुत्री सुखविन्दर सिंह, निवासी बलटोहा जोध सिंह वाला, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन का स्रोत क्या है तथा इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया