डमटाल में 34.5 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब की महिला तस्कर काबू
धर्मशाला, 27 सितंबर (हि.स.)। नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत सीआईए की टीम ने हिल टॉप मंदिर, डमटाल के पास एक महिला के कब्जे से 34.5 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ़ पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
सीआईए नूरपुर की टीम बीती देर रात हिल टॉप मंदिर, डमटाल के पास एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 34.5 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी महिला की पहचान सरबजीत कौर, पुत्री अमर सिंह, निवासी गली नंबर 3, मकान नंबर 112, कोट खालसा के पास, अमृतसर, पंजाब, उम्र 43 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े संभावित फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस की गहनता से जांच की जा रही है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत कार्य कर रहा है तथा नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

