नशा तस्करी के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का हथौड़ा
धर्मशाला, 05 अगस्त (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को नशा तस्करी के मामले में आरोपी द्वारा बनाए गए अवैध निर्माण पर प्रशासन का हथौड़ा चला है।आरोपी शशि कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी डमटाल के अवैध निर्माण को सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
आरोपी शशि कुमार के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दो मामले दर्ज हैं। सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में संबंधित विभाग द्वारा उसके अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस जिला नूरपुर द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके। पूरे अभियान के दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में रही तथा पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी गई।
एसपी नूरपुर ने बताया कि नूरपुर पुलिस आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करती है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

