पालमपुर में नशा तस्कर की करीब 26 लाख की संपत्ति को जब्त करने की तैयारी
धर्मशाला, 03 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में एक नशा तस्कर की संपत्ति की जांच कर करीब 26 लाख की संपत्ति सामने आई है जिसे अब पुलिस ने जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
गौरतलब है कि एक मामले में आरोपी से 4.040 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी कमलजीत सिंह निवासी गांव घार, तहसील पालमपुर सहित कुल चार आरोपी संलिप्त पाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी कमलजीत सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की वित्तीय जांच के दौरान मुख्य आरोपी कमलजीत सिंह की लगभग 25 लाख 85 हजार 954 रुपये मूल्य की संपत्ति का पता चला है, जो प्रथम दृष्टया नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई प्रतीत होती है। जांच में सामने आई संपत्तियों में दो मंजिला दुकान, दो वाहन तथा विभिन्न बैंक खातों में नकद जमा राशि सहित एलआईसी पॉलिसियां शामिल हैं।
उधर एसपी कांगड़ा ने बताया कि उक्त सभी संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 25,85,954 रुपये आंका गया है। इन संपत्तियों को जब्त करने की आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी को आवश्यक पत्राचार किया गया है। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार जब्त करवाने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

