बार बार नशा तस्करी में शामिल तीन आरोपी निवारक हिरासत में, जेल भेजे
धर्मशाला, 05 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में निगरानी के दौरान उक्त तीनों व्यक्तियों की मादक पदार्थों से संबंधित अवैध गतिविधियों में बार बार संलिप्तता पाए जाने पर जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा आवश्यक पत्राचार एवं नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरान्त पुलिस महानिदेशक, हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत तीनों व्यक्तियों को निवारक हिरासत में लिया गया है।
निवारक हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में अविनाश उर्फ निक्का, निवासी वार्ड नं. 6, गांव एवं डाकघर खोली, तहसील एवं जिला कांगड़ा जिसके खिलाफ पिछले 8 वर्षों में अविनाश के विरुद्ध कुल 3 मामले दर्ज हुए तथा उसके कब्जे से कुल 91.48 ग्राम चरस और 12.62 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। राहुल, निवासी गांव टांबरू, डाकघर दगोह, तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा जिसके खिलाफ पिछले 4 वर्षों में राहुल के विरुद्ध कुल 3 मामले में दर्ज हुई हैं तथा उसके कब्जे से कुल 94.40 ग्राम चरस और 18 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था तथा वैभव उर्फ अमन, निवासी गांव थरोट, डाकघर चड़ी, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा जिसके खिलाफ पिछले 2 वर्षों में वैभव उर्फ अमन के विरुद्ध कुल 3 एफआईआर दर्ज हुई हैं तथा उसके कब्जे से कुल 21.96 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य न केवल नशे की तस्करी पर अंकुश लगाना है, बल्कि इस अवैध कारोबार को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

