home page

चिट्टे के मामले में फरार चल रहा मुख्य तस्कर पालमपुर से गिरफ्तार

 | 
चिट्टे के मामले में फरार चल रहा मुख्य तस्कर पालमपुर से गिरफ्तार


धर्मशाला, 17 मार्च (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने चिट्टे के मुख्य सप्लायर को पालमपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई की है। आरोपी पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है।

गौरतलब है कि हाल ही में गुप्त सूचना के आधार पर आदित्य बरयाल सुपुत्र सुभाष चन्द बरयाल निवासी गांव रोडी तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा को गांव रोडी के पास 35 ग्राम हैरोईन सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया तथा इसके विरुद्ध पुलिस थाना पालमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज किया था।

उपरोक्त आरोपी से गहन पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण व ट्रांजेक्शन हिस्ट्री से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपी ने बरामद चिट्टा लक्ष्य पठानिया सुपुत्र बलजिन्दर सिंह मकान नम्बर 1966, गली नम्बर 4 इन्दिरापुरी तेजपुर रोड, लुधियाना पंजाब वर्तमान पता इन्दू बाला मकान नम्बर 61 ब्लाक नम्बर ए-1, भामिन कलां, डाकघर मुंडिया कंला, जिला लुधियाना पंजाब से ली थी।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा फरार चले आ रहे मुख्य तस्कर लक्ष्य पठानिया को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे तथा एक विशेष गुप्त टीम का गठन करके अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। विशेष गुप्त टीम व थाना पुलिस की टीम की कड़ी मेहनत, अथक प्रयास व सूझबूझ के चलते मुख्य तस्कर लक्ष्य पठानिया को पालमपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा नियमानुसार आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया