home page

एचआरटीसी बस में सवार एक महिला और युवक से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार

 | 
एचआरटीसी बस में सवार एक महिला और युवक से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार


धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देर रात जिला कांगड़ा की सीआईए टीम ने एक महिला सहित एक अन्य युवक को 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है। सीआईए टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना गग्गल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र बणोई में नाकाबंदी/चेकिंग के दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस जो चंबा से मनाली रूट पर जा रही थी, में सफर कर रहे दो संदिग्धों (एक महिला व एक पुरुष) से गहनता से पूछताछ करने पर उनके कब्जे से 50.88 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। सीआईए टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना गग्गल में मामला दर्ज कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनिका देवी, निवासी गांव खिल्डू, डाकघर वृंदावन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 29 वर्ष तथा अविनाश कुमार उर्फ कालू, निवासी गांव गोगलपुरा, डाकघर, तहसील व जिला तरनतारन (पंजाब), उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस थाना गग्गल की टीम अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किसे बेचने वाले थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया