चिट्टे के मामले में एक और आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, अब तक तीन गिरफ्तार
धर्मशाला, 03 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना भवारना में एनडीपीएस एक्ट के तहत बीते रविवार को मामला दर्ज किया गया था जिसमें दो लोगों को 18.62 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उक्त मामले ने जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार, निवासी गांव सुघर, डाकघर बंदला टी एस्टेट, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
इस प्रकार उक्त मामले में पुलिस द्वारा अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं आपूर्ति की श्रृंखला में अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं।
गौरतलब है कि बीते रविवार को जिला कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने दरंग के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18.62 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। उपरोक्त मामले में पुलिस थाना भवारना की टीम द्वारा कड़ी मशक़्क़त के बाद मामले में आज एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

