कांगड़ा में चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, दो मामलों में 8.10 ग्राम चिट्टा बरामद
धर्मशाला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिले में नशा तस्करी के दो मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। इन दो मामलों में पुलिस ने 8.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पहले मामले में पुलिस की सीआईए टीम ने बनोई पुल के पास एक युवक को 5.72 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मामले में मैक्लोडगंज में एक व्यक्ति से 2.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहपुर से गगल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनोई पुल के पास नशे की गतिविधियां हो सकती हैं। इसके बाद टीम ने मौके पर गश्त और नाकाबंदी की। इस दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 5.72 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रोहित वोहरा (26), निवासी वार्ड नंबर तीन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
वहीं दूसरे मामले में रविवार को तड़के मैक्लोडगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रमेश कुमार (53), निवासी धर्मकोट, के कब्जे से 2.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

