home page

होटल के कमरे से चिट्टा बरामद, युवती सहित पांच गिरफ्तार

 | 
होटल के कमरे से चिट्टा बरामद, युवती सहित पांच गिरफ्तार


धर्मशाला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर के एक होटल एक युवती सहित चार अन्य युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ पालमपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। सीआईए टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना पालमपुर के अंतर्गत आने वाले लोहना के समीप एक होटल में दबिश दी गई।होटल के एक कमरे में चार पुरुष व एक महिला मौजूद थे।

कमरे की तलाशी लेने पर दपिंदर सिंह मकान नंबर 288, बड़ागुढ़ा, तहसील कालावाली, जिला सिरसा, हरियाणा, आयु 32 वर्ष के कब्ज़े से 7.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

सीआईए टीम द्वारा गहन पूछताछ व छानबीन में पाया गया कि होटल के कमरे में मौजूद अन्य तीन युवक, एक युवती तथा एक होंडा अमेज कार (एचआर 40जी 8849) भी इस मामले में सम्मिलित हैं। टीम ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चिट्टे व गाड़ी को कब्ज़े में ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दपिंदर सिंह, मकान नंबर 288, बड़ागुढ़ा, तहसील कालावाली, जिला सिरसा, हरियाणा (32), आदित्य पठानिया, रामनगर कॉलोनी, ठाकुरद्वारा, डाकघर मारंडा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा (24 वर्ष), कबीर, गांव ठाकुरद्वारा, डाकघर खलेट, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा (23 वर्ष), प्रांशुल कपूर, गांव कालू दी हट्टी, डाकघर मारंडा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा (24 वर्ष) तथा ममता गांव नेरी घिरा, डाकघर संधोल, तहसील संधोल, जिला मंडी (27 वर्ष) के रूप में हुई है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि वे यह चिट्टा/हेरोइन कहां से लेकर आए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया