शाहपुर में गाड़ी से 11.38 ग्राम चिट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 04 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार देर रात सीआईए टीम द्वारा पुलिस थाना शाहपुर क्षेत्र के अंतर्गत रैत बाजार में एक वाहन से 11.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन नम्बर एचपी39जी-2459 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन चालक के कब्जे से 11.38 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल जसवाल, गांव बड़ोल, डाकघर दाड़ी, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा, आयु 42 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

