नूरपुर में 3 किलो 700 ग्राम चूरा पोस्त सहित एक आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 12 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सी.आई.ए. नूरपुर की टीम ने एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित रंगे हाथ दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस दौरान आरोपी से 3 किलो 700 ग्राम चूरा पोस्त बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि नूरपुर की टीम गश्त एवं नशा विरोधी चेकिंग के दौरान गनोह बाजार व राजा का तालाब क्षेत्र में मौजूद थी। गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी मारुति कार में भारी मात्रा में चूरा पोस्त लेकर राजा का तालाब क्षेत्र में बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में संदिग्ध मारुति 800 कार नम्बर एचपी54ए0157 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से पारदर्शी पॉलीथीन बैगों में छिपाकर रखा गया कुल 3 किलो 700 ग्राम चूरा पोस्त (डोडा छिलका/भुक्की) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जरनैल सिंह पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव ज्योर, डाकघर हरनोटा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ एवं अपराध में प्रयुक्त मारुति 800 कार को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संदर्भ में आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना रैहन में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 15 एवं 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नशे के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेजेस सप्लाई चेन की गहनता से जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

