नूरपुर में मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 06 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा आपराधिक घटनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस थाना नूरपुर के तहत गांव नडाई में हुई मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि बीते 29 अगस्त 2026 को गांव नडाई, डाकघर कंडवाल क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने, वाहन को नुकसान पहुंचाने तथा कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के संबंध में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नूरपुर में विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों में विश्व सिंह उर्फ विशु, उम्र 20 वर्ष पुत्र बलबीर सिंह, निवासी नरड़ा, डाकघर कंडवाल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा तथा राजन सिंह उर्फ काका, उम्र 30 वर्ष पुत्र हरबंस सिंह, निवासी गांव व डाकघर बरांडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा शामिल हैं।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

