home page

चिट्टा व लाखों की नकदी मामले में फरार महिला तस्कर छह महीने बाद गिरफ्तार

 | 
चिट्टा व लाखों की नकदी मामले में फरार महिला तस्कर छह महीने बाद गिरफ्तार


धर्मशाला, 28 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस के तहत बीते साल 25 नवंबर 2025 को पुलिस थाना पालमपुर की टीम द्वारा पकड़े गए चिट्टे और नकदी के मामले में फरार चल रही महिला तस्कर को पुलिस ने करीब छह माह बाद पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि इस मामले में आरोपी महिला के बेटे को उसी दौरान पालमपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन उसकी मां फरार हो गई थी। आरोपी मुख्य तस्कर निशा देवी पत्नी सोनी निवासी गांव बरियाणा डाकघर नागरा तहसील व जिला जालन्धर पंजाब उम्र 40 वर्ष को बीते दिन जालन्धर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम की गहन जांच व तकनीकी विश्लेषण से यह पता चला कि आरोपिया निशा देवी अपने बेटे मोहित के साथ चिट्टा बेचने का धंधा कर रही थी। इसके उपरांत मुख्य तस्कर निशा देवी को पकड़ने के लिए थाना पालमपुर से विशेष गुप्त टीम का गठन करके हर सम्भव जगहों पर दबिश दी जा रही थी जिसे आखिरकार जालंधर से गिरफ्तार किया गया।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर मोहित पुत्र सोनी निवासी वार्ड नम्बर 12 घुग्गर टाण्डा तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा व उम्र 20 वर्ष व उसकी माता निशा देवी के घुग्गर टांडा में किराये के कमरे की तलाशी के दौरान अलमारी से 34 ग्राम चिट्टा, 4,06,100 नकदी, 2 इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीनें, एक लाल रंग का पर्स, जिसमें दो जोड़ी कान के टॉप्स, दो अंगूठियां, मोहित एवं निशा देवी के पासपोर्ट 4 मोबाइल के सिम कार्ड सभी बरामद वस्तुओं को नियमानुसार कब्जा पुलिस में लिया गया। पूछताछ पर आरोपी मोहित ने यह स्वीकार किया कि वह अपनी मां निशा देवी के साथ मिलकर चिट्टा बेचने का काम कर रहा था।

जिस पर उपरोक्त आरोपी मोहित कुमार के मौका पर मौजूद पाऐ जाने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था तथा आरोपिया निशा देवी की तलाश जारी थी। आरोपी मोहित व उसकी माता निशा देवी के विरुद्ध पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया