नशा तस्करी का आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर, पंजाब और हिमाचल में दर्ज हैं 6 मामले
धर्मशाला, 21 मई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना डमटाल में दर्ज नशा तस्करी के मामले में पकड़े गए सह आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी की पहचान रजत कुमार, सुपुत्र चन्द्र शेखर, निवासी गांव व डाकघर छन्नी, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। गौरतलब है कि थाना डमटाल में 262 ग्राम चिट्टे बरामदगी के मामले में रजत कुमार सह-आरोपी था।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी रजत कुमार थाना डमटाल के एक अन्य मामले में लम्बे समय से न्यायालय की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो रहा था, जिसके कारण माननीय अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। कुछ दिन पहले ही आरोपी रजत कुमार को थाना डमटाल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वह न्यायिक हिरासत में चल रहा था। पुलिस ने नशा तस्करी की कड़ियों को जोड़ने व गहन पूछताछ के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय से आरोपी का कस्टडी ट्रांसफर करवाया और उसे इस मामले में भी गिरफ्तार किया।
वहीं पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी रजत कुमार एक शातिर और आदतन नशा तस्कर है। इसके खिलाफ हिमाचल और पड़ोसी राज्य पंजाब में कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

