4 किलो 40 ग्राम चरस मामले में पुलिस ने दो मुख्य तस्करों को किया गिरफ्तार, आरोपियों की संख्या हुई चार
धर्मशाला, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा बीते दिन पकड़ी गई 4 किलो 40 ग्राम चरस के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को महज 18 घंटों में यह सफलता मिली है। पकड़े गए मुख्य तस्करों कमलजीत सिंह उर्फ काकू पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम एवं डाकघर घार, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा उम्र 39 साल व संगम शर्मा उर्फ गोलू पुत्र कुलदीप शर्मा, निवासी गांव सिम्बल खोला, डाकघर टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा उम्र 26 साल शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को बुधवार को पालमपुर के समीप धर्ममण से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पंचरुखी पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि बीते दिन गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पंचरुखी पुलिस थाना के तहत आल्टो के-10 कार नम्बर एचपी01एए-0965 में दो आरोपियों से 4 किलो 400 ग्राम चरस बरामद की थी। इस मामले में गोपाल पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी गांव खून्न, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 24 वर्ष तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्व. धनी राम, निवासी गांव डगूट, डाकघर जौऊ, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 37 वर्ष को गिरफ्तार किया था।
जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना पंचरूखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि गहन जांच व तकनीकी विश्लेषण से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपियों ने यह चरस तहसील पालमपुर (घार) निवासी मुख्य तस्कर कमलजीत सिंह उर्फ काकू व उसके सहयोगी संगम शर्मा उर्फ गोलू को उपलब्ध करवानी थी।
इसके उपरांत तुरन्त उक्त दोनों मुख्य चरस तस्करों को पकड़ने के लिए थाना पंचरूखी से विशेष गुप्त टीम का गठन करके हर सम्भव जगहों पर दबिश दी गई। जो कड़ी मेहनत व लगातार दबिश परिणामस्वरूप मात्र 18 घण्टों के भीतर मुख्य तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

