नूरपुर में 6.82 ग्राम चिट्टे सहित एक काबू
धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)। नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ मुस्तैदी से कार्य करते हुए पुलिस जिला नूरपुर की एक टीम ने एक व्यक्ति को हेरोइन (चिट्टा) के साथ काबू किया है। आरोपी की पहचान सूरज (34 वर्ष) पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव-जैसर, डाकघर मतलाहर, तहसील- ज्वाली, जिला-कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस को यह सफलता मथोली में शिव मंदिर के पास चेकिंग के दौरान प्राप्त हुई। वहां तैनात पुलिस दल ने संदेह के आधार पर उक्त व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। चेकिंग के दौरान उसके कब्जे से 6.82 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस टीम ने मादक पदार्थ को तुरंत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस संदर्भ में आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम द्वारा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि इसके मुख्य स्रोतों का पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

