home page

डमटाल पुलिस द्वारा पकड़े गए 41.40 ग्राम चिट्टा मामले में 5वां आरोपी गिरफ्तार

 | 
डमटाल पुलिस द्वारा पकड़े गए 41.40 ग्राम चिट्टा मामले में 5वां आरोपी गिरफ्तार


धर्मशाला, 24 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों एवं तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना डमटाल पुलिस की टीम द्वारा पूर्व में पकड़े गए चिट्टे के एक मामले में 5वें आरोपी को भी धर दबोचा है।

गौरतलब है कि बीते 15 मई 2026 को 41.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इस मामले की गहन जांच तथा डिजिटल लेन-देन के विश्लेषण के दौरान यह पाया गया कि आरोपी दीपक उर्फ दीपू (उम्र 27 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर कंडवाल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा ने मुख्य आरोपी अमन से डिजिटल पेमेंट के माध्यम से हेरोइन खरीदी थी।

वित्तीय व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क में आरोपी की संलिप्तता (फॉरवर्ड लिंक) स्थापित होने पर पुलिस चौकी ढांगूपीर की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ दीपू को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई व जांच नियमानुसार जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस अपने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया