home page

नूरपुर में एचआरटीसी बस सवार युवती से 1.6 किलो ग्राम चरस बरामद, सीआईए ने किया गिरफ्तार

 | 
नूरपुर में एचआरटीसी बस सवार युवती से 1.6 किलो ग्राम चरस बरामद, सीआईए ने किया गिरफ्तार


धर्मशाला, 28 जून (हि.स.)। नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत सीआईए की टीम ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए टीम ने बौड चौक, जसूर के पास एक एचआरटीसी बस में सवार एक युवती से एक किलो 6 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने यह कार्रवाई की है।

सीआईए नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त और मादक पदार्थों की चेकिंग हेतु तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर की रहने वाली एक युवती एचआरटीसी बस में भारी मात्रा में चरस लेकर आ रही है।

नाके के दौरान उक्त एचआरटीसी बस को रोका गया। तलाशी लेने पर बस में सवार कुमारी गुनगुन (उम्र 19 वर्ष), सुपुत्र शशि कुमार, निवासी गांव खिल्डू, डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के बैग से एक किलोग्राम 06 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए चरस को जब्त कर लिया और सैंपल सील कर दिए। इस संदर्भ में आरोपी युवती के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि आरोपी युवती को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया