home page

नूरपुर में 43.56 ग्राम चिट्टे के साथ किए दो काबू

 | 
नूरपुर में 43.56 ग्राम चिट्टे के साथ किए दो काबू


धर्मशाला, 14 जून (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए नूरपुर की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए टीम ने कंडवाल चेकपोस्ट पर मुस्तैदी दिखाते हुए एक स्विफ्ट कार से 43.56 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस दौरान कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो युवकों से चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार (29 वर्ष), निवासी समलोटी, तहसील कांगड़ा तथा सवरण सिंह (28 वर्ष), निवासी बबेहाली, जिला गुरदासपुर, पंजाब हाल निवासी, बिंद्राबन, तहसील पालमपुर के रूप में हुई है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपियों के पास से 43.56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार नंबर एचपी 94-754 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। नशा माफिया की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए गहन जांच की जा रही है। नूरपुर पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया