नूरपुर में पंजाब का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 15.43 ग्राम चिट्टा जब्त
धर्मशाला, 18 जुलाई (हि.स.)। नशे के सौदागरों के खिलाफ 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम करते हुए पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। सीआईए टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नूरपुर बस स्टैंड से पंजाब के एक नशा तस्कर को 15.43 ग्राम प्रतिबंधित चिट्टे (हेरोइन) के साथ धर दबोचा है। सीआईए की टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, गश्त और संदिग्धों की चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता सूचना मिली कि बस स्टैंड नूरपुर में एक व्यक्ति मादक पदार्थ की खेप बेचने और उसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई। आरोपी के पास मौजूद कैरी बैग की जब गहनता से जांच की गई, तो कपड़ों के बीच छुपाकर रखा गया एक पॉलिथीन लिफाफा बरामद हुआ। इसे खोलने पर उसमें 15.43 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाई गई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही सील कर अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान मंगा सिंह (47 वर्ष), पुत्र साधु सिंह, निवासी बस्ती प्रीतनगर, तहसील व जिला मोगा, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नूरपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज के आगामी कार्रवाई की है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी पंजाब में यह खेप कहां से लाया था और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

