नूरपुर पुलिस ने उद्घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार
धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत गठित पीओ सेल की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ दीपा (उम्र 45 वर्ष), पुत्र सलिंदर कुमार, निवासी गांव कुल्हण, तहसील व जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279, 337 और 181 एमवी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज था। माननीय जेएमएफसी कोर्ट इंदौरा के आदेशानुसार उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
पीओ सेल नूरपुर की टीम द्वारा शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप कुमार को तीन पुली चिनौर नामक स्थान से गिरफ्तार किया गया। नियमानुसार,आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी उसकी पत्नी को दे दी गई है। आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु आरोपी को पुलिस थाना इंदौरा के सुपुर्द किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

