home page

3.20 लाख ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार

 | 
3.20 लाख ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार


धर्मशाला, 24 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा ऑनलाइन साइबर अपराधों के विरुद्ध जारी कार्रवाई के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। वर्ष 2024 में थाना नूरपुर में दर्ज ऑनलाइन ठगी के मामले में त्वरित व कड़ा संज्ञान लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब है कि 18 जनवरी 2024 को शिकायतकर्ता शिमला देवी निवासी तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने फोन कॉल के माध्यम से उन्हें झांसे में लेकर 3 लाख 20 हजार की ऑनलाइन ठगी की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर साईबर सैल को शामिल कर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग, बैंक खातों, सीडीआर, वित्तीय लेन-देन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दी। तकनीकी जांच के आधार पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी महाबीर कुमार को पुलिस टीम द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

मामले की जांच के दौरान नूर आलम निवासी दक्षिण तेलुआ थाना नौतन पश्चिम चंपारण जिला बेतिया, बिहार की संलिप्तता भी सामने आई। इसके उपरांत तकनीकी जांच व डिजिटल साक्ष्यों को आगे बढ़ाते हुए मामले में संलिप्त आरोपी नूर आलम के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अन्य संभावित पहलुओं की जांच नियमानुसार जारी है।

उधर एसपी नूरपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, ओटीपी, कयूआर कोड, लिंक अथवा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया