डमटाल मन्दिर में चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, चोरीशुदा सामान भी बरामद
धर्मशाला, 17 जून (हि.स.)। जिला पुलिस नूरपुर ने मुस्तैदी दिखाते हुए शिव मन्दिर भदरोया में हुई चोरी की वारदात को मात्र 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस थाना डमटाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य चोर सहित चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी हिरासत में ले लिया है और चोरीशुदा सारा सामान बरामद कर लिया है।
गौरतलब है कि बीते दिन मंगलवार को शिकायतकर्ता नरिन्द्र पठानिया, निवासी गांव भदरोया, तहसील इन्दौरा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके गांव के शिव मन्दिर से पीतल का त्रिशूल, तांबे का नाग, डमरू, जोत और तांबे की गडवियां चोरी हो गई हैं। इस शिकायत पर पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई अमल में लाई और स्थानीय सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी की पहचान मंगल सिंह, निवासी गांव भदरोया के रूप में की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी मंगल सिंह को भदरोया टोल टैक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मन्दिर का सामान पठानकोट में बेचना कबूल किया।
आरोपी की निशानदेही पर थाना डमटाल पुलिस ने पठानकोट के सैली रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान पर दबिश देकर दुकान मालिक रवि कुमार, निवासी मोहल्ला रामपुरा, पठानकोट को गिरफ्तार किया और उसकी दुकान से मन्दिर का चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है। चोरी की संपत्ति खरीदने के जुर्म में कबाड़ी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।
बरामद किए गए मन्दिर के सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। नूरपुर पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर मामले की आगामी कार्रवाई अमल में लाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

