नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 5.732 किलोग्राम चरस और 20.36 ग्राम चिट्टा बरामद
धर्मशाला, 22 नवंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में एंटी चिट्टा एवं नशा विरोधी अभियान के अन्तर्गत पिछले एक सप्ताह के दौरान नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध नूरपुर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। इस दौरान विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 5 मामले दर्ज किए जिनमें कुल 5.732 किलोग्राम चरस तथा 20.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। इन मामलों में पुलिस थाना ज्वाली के तहत 14 नवंबर 2026 को सीआईए नूरपुर की टीम ने गांव कथोली में मीनू खड्ड पुल के पास एक कार की तलाशी के दौरान 7.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में सवान तथा अक्षित कौशल, दोनों निवासी गांव कथोली, को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना डमटाल में सीआईए नूरपुर की टीम ने प्रीति देवी पत्नी कुलदीप कुमार, निवासी गांव छन्नी के घर छापेमारी कर मकान से तकिये के अंदर छिपाकर रखा 12.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस थाना नूरपुर के तहत 16 नवंबर के तहत सीआईए नूरपुर की टीम ने बदूनी स्थित काली माता मंदिर के पास एक पिकअप गाड़ी की तलाशी के दौरान 800 ग्राम चरस बरामद की। इस मामले में केवल सिंह तथा महांशु निवासी भरमौर को गिरफ्तार किया गया है, मामले की आगामी जांच जारी है।
वहीं पुलिस थाना ज्वाली के तहत 17 नवंबर 2026 को सीआईए नूरपुर की टीम ने प्रहलाद कुमार पुत्र स्वर्गीय भोलू राम, निवासी गांव नरयाल के निर्माणाधीन मकान से 840 ग्राम चरस बरामद की। मामले में आरोपी प्रहलाद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस थाना कोटला के तहत 19 नवंबर 2026 को नूरपुर की टीम ने गांव नडोली स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास स्टेट हाईवे-23 पर एक मारुति ब्रेजा गाड़ी की तलाशी के दौरान 4.072 किलोग्राम चरस की बड़ी खेप बरामद की। इस मामले में आरोपी वीरेंद्र कुमार उर्फ कालू तथा पारुल के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान उपरोक्त पांचों मामलों में बरामद मादक पदार्थों को नियमानुसार पुलिस ने कब्जे में लेकर संबंधित पुलिस थानों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत मामले दर्ज किए गए हैं। मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा इन मामलों में नशे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

