नूरपुर पुलिस ने मोटरसाईकिल चोरी के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी बरामद
धर्मशाला, 03 मार्च (हि.स.)। पुलिस थाना नूरपुर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी मामले में पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल को नही बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि शिकायतकर्ता रजनीश कुमार पुत्र विशम्बर दास, निवासी गांव कमनाला, डाकघर भलेटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा की शिकायत के आधार पर मोटरसाईकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। उपरोक्त मामले की जांच के दौरान यह पाया गया कि पुलिस थाना नूरपुर में पहले से ही हुई चोरी में दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार पुत्र तरवीज सिह गांव टिपरी डाकखाना वनेट तहसील भटियात जिला चम्बा भी इस मामले में शामिल है। इसी मामले में उपरोक्त आरोपी अभिषेक कुमार का दूसरा साथी अनिल कौंडल भी शामिल था, जिसे पूछताछ हेतु बुलाया गया था।
आरोपी अनिल कौण्डल पुत्र अमरीक सिह गांव नजद सिनेमा हाल जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा से पेशेवर ढंग से की गई पूछताछ पर कार्यवाही करते हुये व साक्ष्यों की गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पाया गया कि आरोपी ने अभिषेक कुमार उपरोक्त के साथ मिलकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी अनिल कौंडल के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाईकिल को बरामद करने में भी सफलता हासिल की है व आरोपी द्वारा किए गए अपराध के साबित होने पर आरोपी उपरोक्त अनिल कौंडल को गिरफतार करके आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार पहले से ही सब-जेल नूरपुर में पुलिस थाना नूरपुर में दर्ज एक मामले में बन्द है, जिससे पूछताछ करने हेतु न्यायिक हिरासत से पुलिस हिरासत में लिए जाने के लिए नियमानुसार आगामी कार्यावाही अमल में लाई जा रही है। जांच के दौरान यह पाया गया है कि यह एक संगठित गिरोह है जो नूरपुर व उसके आस-पास के ईलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल है। पूछताछ करने पर यह पाया गया है कि इस गिरोह द्वारा पुलिस जिला नूरपुर के साथ लगती जिला चंबा की सीमा से लगते क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। उपरोक्त आरोपी पुलिस थाना चुबाड़ी जिला चम्बा में दर्ज चोरी के मामले में भी संलिप्त हैं। उपरोक्त आरोपियों द्वारा थाना चुबाड़ी के क्षेत्राधिकार से चोरी किए गए वाहनों को नूरपुर पुलिस द्वारा बरामद कर चम्बा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। जिला पुलिस नूरपुर ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कुल 4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने में एक बड़ी सफलता मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

