चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 16 मई (हि.स.)। जिला पुलिस नूरपुर के तहत फतेहपुर और डमटाल थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पहले मामले में थाना फतेहपुर की टीम ने मारपीट और अवैध हथियार रखने के आरोप में गुरविंदर सिंह उर्फ गगन सैनी, निवासी गुरदासपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(2), 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम द्वारा वारदात में इस्तेमाल हथियार के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य सहयोगियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
वहीं दूसरे मामले में, थाना डमटाल पुलिस ने पिछले साल से लगातार फरार चल रहे जम्मू-कश्मीर के एक वांछित आरोपी को दबोचा है। आरोपी की पहचान रामपाल, सुपुत्र गुरनाम सिंह, निवासी लखनपुर, कठुआ के रूप में हुई है, जो कि बीएनएस की धारा 305 और 3(5) के तहत नामजद है। आरोपी लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था, जिसे पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि
जिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें या 112 डायल करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

