नूरपुर में ढाई किलोग्राम चरस के साथ पंजाब का तस्कर काबू
धर्मशाला, 05 जुलाई (हि.स.)। नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के दौरान सीआईए नूरपुर की टीम ने नागाबारी टोल प्लाजा के समीप रविवार को एक मोटरसाइकिल सवार को ढाई किलोग्राम चरस सहित दबोचने में कामयाबी हासिल की है।
गश्त व चैकिंग के दौरान पुलिस टीम टोल प्लाजा (नागाबाडी) के पास मौजूद थी। इसी बीच एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर पीबी 35 एच 9592 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी प्रक्रिया के दौरान उक्त वाहन चालक के कब्जे से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार उम्र 33 वर्ष पुत्र जसवंत राय निवासी रविदास मॉल, नरोट मेहरा, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। सीआईए नूरपुर की टीम ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। इस संदर्भ में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

