कोटला में पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना कोटला क्षेत्र के गांव भाली में एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के सिर पर लोहे के औजार से वार किया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति जगदीश चंद्र (63 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान उषा देवी (53 वर्ष), निवासी गांव भाली, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले लगभग 10 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 6 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लोहे के औजार से मृतका के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर डीएसपी ज्वाली, पुलिस थाना कोटला की टीम तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के भाई उत्तम चंद के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम नूरपुर अस्पताल के शवगृह में करवाया गया। मामले की आगामी जांच जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल लोहे के औजार को भी बरामद किया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

