home page

ज्वाली से लापता युवक का शव बरामद

 | 

धर्मशाला, 10 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा जिला के ज्वाली से बीते तीन दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव नगरोटा सूरियां के देहरी से बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना शुक्रवार प्रातः पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां को प्राप्त हुई जिसमें बताया गया कि गांव देहरी में सड़क के नीचे स्थित एक जर्जर शेड में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना ज्वाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा जिला फॉरेंसिक यूनिट नूरपुर को भी मौके पर बुलाया गया। मौके पर मृतक की पहचान साहिल मन्हास के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मौके से मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, पहचान संबंधी दस्तावेज, नकदी तथा अन्य वस्तुएं कब्जे में ली गई। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

गौरतलब है कि पुलिस थाना ज्वाली में बीते 8 जुलाई 2026 को नीलम कुमारी पत्नी मलिकियत सिंह, निवासी गांव समलोटा, डाकघर जरोट, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा द्वारा अपने पुत्र साहिल मन्हास के 7 जुलाई 2026 की शाम से लापता होने संबंधी शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना ज्वाली में मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई थी। इसी बीच आज शुक्रवार को लापता युवक का शव बरामद हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया