ज्वाली में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या, आरोपी फरार
धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिले के ज्वाली में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई है। मामला पुलिस थाना ज्वाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बेही पठियार के मंडोल गांव में पेश आया है। मृतक की पहचान वार्ड नंबर-5 के निवासी 45 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र दालती राम के रूप में हुई है जो पेशे से लोहार था। पुलिस ने इस मामले में एक अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष चंद्र रोज की तरह अपने कार्यस्थल पर काम कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उस पर हमला किया और तेजधार हथियार से उसका गला रेत दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जब लोगों ने सुभाष का शव उसके कार्यस्थल पर देखा, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उधर यह हत्याकांड फिलहाल पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ है, क्योंकि मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है और न ही हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार अब तक बरामद हो सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
एसपी पुलिस जिला नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस हत्या आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

