home page

ज्वाली के नशा तस्कर व उसके परिवार की 95 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज

 | 
ज्वाली के नशा तस्कर व उसके परिवार की 95 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज


धर्मशाला, 23 मई (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते ज्वाली के एक नशा तस्कर और उसके परिजनों की 95 लाख से अधिक की संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है। आरोपी गौरव कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी चलवाड़ा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा द्वारा कथित रूप से नशा तस्करी से अर्जित की गई 95 लाख 67 हजार 741 रुपये मूल्य की संपत्ति को शनिवार को फ्रीज किया गया जिनमें 2 मकान, 2 गाड़ियां और जमीन सहित अन्य संपत्ति शामिल है।

गौरतलब है कि उक्त आरोपी गौरव कुमार एवं इसके सहयोगियों से बीते साल 3 अक्टूबर 2025 को जिला कांगड़ा की विशेष टीम द्वारा 1.006 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी, जिसके संबंध में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में मामला दर्ज किया गया था।

इसके उपरांत जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा अभियोग में शामिल आरोपियों की वित्तीय जांच की गई। जांच के दौरान गौरव कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी चलवाड़ा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा तथा इसके पिता विजय कुमार एवं जीजा धुन्धी के नाम पर कथित रूप से नशा तस्करी से अर्जित 95 लाख 67 हजार 741 की संपत्तियां पाई गईं । इस पर प्रभारी पुलिस थाना नगरोटा बगवां द्वारा 22 अप्रैल 2026 को उक्त संपत्तियों के संबंध में फ्रीजिंग आदेश जारी किए गए, जिनकी पुष्टि बीते दिन सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा कर दी गई है।

फ्रीज की गई संपत्तियों में 2 आवासीय मकान, 2 भूमि, एक महिंद्रा गाडी तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार शामिल है। उक्त आरोपियों को अब सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इन संपत्तियों के विक्रय अथवा हस्तांतरण से प्रतिबंधित किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व बैजनाथ निवासी नशा तस्कर सोनिया राणा की 96 लाख 77 हजार 350 मूल्य की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। वर्तमान कार्रवाई के साथ पुलिस जिला कांगड़ा द्वारा अब तक कुल 1 करोड़, 92 लाख, 45 हजार, 91 रुपये की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया