home page

इंदौरा के छन्नी में 11 ग्राम चिट्टे के साथ सास और दामाद गिरफ्तार

 | 
इंदौरा के छन्नी में 11 ग्राम चिट्टे के साथ सास और दामाद गिरफ्तार


धर्मशाला, 15 जुलाई (हि.स.)। नूरपुर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस थाना डमटाल की टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव छन्नी, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा में एक घर की तलाशी लेकर 11 ग्राम हेरोईन बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में सास और उसके दामाद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना डमटाल की टीम गश्त और नशीले पदार्थों की चेकिंग के संबंध में इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पिंकी पत्नी दलीप कुमार, निवासी गांव व डाकखाना छन्नी, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा अपने दामाद आकाशदीप पुत्र सरफु सिंह, निवासी गांव व डाकखाना महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर, पंजाब के साथ मिलकर अपने घर से आने-जाने वाले ग्राहकों को चिट्टा बेच रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कानून के नियमों का पालन करते हुए गवाहों के सामने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पहली मंजिल पर बने कमरे में लकड़ी की अलमारी के पास रखे नीले रंग के प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे के अंदर एक काले रंग का लिफाफा मिला। लिफाफे को खोलकर देखने पर उसमें हल्के भूरे और सफेद रंग का पाउडर जैसा पदार्थ पाया गया।

बरामद पदार्थ की जांच जब ड्रग डिटेक्शन किट से की गई, तो उसके हेरोईन होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को सील करके अपने कब्जे में ले लिया है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि यह हेरोईन कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इस अवैध धंधे में जुड़े अन्य लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया