कांगड़ा के पंचरुखी में अवैध शराब और बीयर की 225 पेटियां बरामद, एक आरोपी काबू
धर्मशाला, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिले के पंचरुखी क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में अब तक 225 पेटियां बरामद की गई हैं। पंचरुखी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मलाहू के वार्ड पांच में खड़ी बोलेरो कैंपर की तलाशी के दौरान आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बीयर, व्हिस्की और देशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। मौके से विभिन्न कंपनियों के ढक्कन, कीप और आबकारी होलोग्राम का रोल भी मिला है। इससे मामले में अवैध शराब के कारोबार के साथ अन्य आबकारी सामग्री के इस्तेमाल की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
आबकारी विभाग पालमपुर की टीम को शनिवार देर शाम गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर विभाग ने पंचरुखी पुलिस के सहयोग से मलाहू में कार्रवाई की। इस दौरान बोलेरो कैंपर (एचपी 37 जे 7126) की गहन तलाशी ली गई। वाहन से पंजाब और चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की विभिन्न किस्में बरामद हुईं। बरामद शराब में पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित टूबोर्ग बीयर की 99 पेटियां और 10 खुली बोतलें शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित नौ वन व्हिस्की की 19 पेटियां और नौ खुली बोतलें, 999 पावरस्टार फाइन व्हिस्की की दो पेटियां और 112 खुली बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा जन्नत मस्त संतरा की 53 पेटियां और सुपर हिम्मत संतरा की 49 पेटियां भी मिली हैं। कुल बरामदगी 225 पेटियां बताई गई है। मामले में आरोपी सुदर्शन कुमार उर्फ गोगा के खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार 11 अक्तूबर को दर्ज मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 336(3), 340(2) तथा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही बरामद ढक्कनों, कीप और आबकारी होलोग्राम के रोल की भी जांच की जा रही है। मामले की आगामी जांच पंचरुखी पुलिस कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

