नूरपुर में अवैध खनन माफिया पर कड़ी कार्रवाई, 11 वाहनों के चालान
धर्मशाला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 घंटों के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों के चालान किए गए हैं। पहले मामले में पुलिस थाना जवाली क्षेत्र में एसडीपीओ जवाली की उपस्थिति में विशेष नाकाबंदी एवं गश्त के दौरान निम्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 32 मील एवं कोटला में 3 टिप्पर एवं 1 ट्रक के चालान किए गए। वहीं दूसरे मामले में जवाली क्षेत्र के अन्य स्थानों पर 2 ट्रैक्टर के चालान किए गए। इसी तरह पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत पुलिस चौकी ढांगूपीर क्षेत्र में 1 ट्रैक्टर का चालान किया गया। पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत रियााली क्षेत्र में 4 ट्रैक्टर अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर चालान किए गए।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे। उन्होंने जनता से अपील है कि अवैध खनन संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में दें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

