नूरपुर पुलिस ने चक्की खड्ड में अवैध खनन करते 2 जेसीबी सहित 6 अन्य वाहन किए जब्त
धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईए नूरपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्की खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त 2 जेसीबी मशीनों एवं 6 वाहनों को कब्जे में लिया है। विीरवार बीती देर रात की गई इस कार्रवाई में सीआईए नूरपुर की टीम ने गश्त के दौरान कंडवाल स्थित चक्की पुल के समीप चक्की खड्ड में भारी मशीनरी द्वारा अनधिकृत रूप से खनन करते हुए अवैध खनन गतिविधियों में प्रयुक्त की जा रही मशीनरी व वाहनों को कब्जे में लिया।
जब्त किए गए वाहनों में 2 जेसीबी मशीनें, 1 ट्रैक्टर और 5 मल्टी एक्सेल ट्रक शामिल हैं। कब्जे में लिए गए सभी वाहनों को कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना नूरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित अधिनियम के अंतर्गत चालान व अन्य विधिक प्रक्रियाएं अमल में लाई जा रही हैं।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर प्राकृतिक संपदा के दोहन एवं अवैध खनन के प्रति पूरी तरह सजग व प्रतिबद्ध है तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

