अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई, 8 वाहन जब्त
धर्मशाला, 02 मई (हि.स.)। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पिछले 3 दिनों में प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों को जब्त करने के अलावा चालान किए गए हैं।
पहले मामले में पुलिस थाना नूरपुर की टीम द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान खनन के नियमों की अवहेलना करने पर 3 मल्टी एक्सल ट्रक को जब्त किया गया है।
वहीं पुलिस थाना डमटाल की टीम द्वारा दबिश के दौरान 2 जेसीबी और 2 मल्टी एक्सेल ट्रक को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर मौके पर जब्त किया गया। साथ ही, 1 ट्रैक्टर का नियमों के उल्लंघन हेतु मौके पर ही चालान किया गया।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु अदालत में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

