नगरोटा में पिककप गाड़ी से 15 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार
धर्मशाला, 12 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना नगरोटा बगवां की पुलिस द्वारा बीती देर रात को गश्त व नाकाबंदी के दौरान पिककप गाड़ी से 15 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि बीती देर रात नगरोटा बगवां की पुलिस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैफिक कार्यालय नगरोटा बगवां के समीप एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (एचपी-37जे-4836) को जांच हेतु रोका गया। नियमानुसार स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तलाशी के दौरान पिकअप गाड़ी से 15 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया व बरामद मादक पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार, निवासी व्याड़ा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, अंकुश,निवासी रक्कड़, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा तथा अनिल, निवासी अन्दरेटा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

